ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर। इंटरनेशनल ट्रेड शो में चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग के स्टॉल पर गन्ने की चार नई उन्नत किस्मों का प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश गन्ना अनुसंधान परिषद (UPCSR) द्वारा विकसित इन किस्मों का लक्ष्य गन्ने की उत्पादकता और चीनी परता बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि करना है।
इन किस्मों में गन्ने के प्रमुख रोग लाल सड़न के प्रति रोगरोधी या प्रतिरोधी प्रवृत्ति भी पाई गई है।ट्रेड शो में को.शा. 19231, को.शा. 18231, को.शा. 13235 और को.शा. 17231 किस्मों को प्रदर्शित किया गया। इनकी संभावित उपज क्षमता करीब 90 से 100 टन प्रति हेक्टेयर बताई गई है। इनमें बेहतर अंकुरण, शुरुआती बढ़वार और अधिक संख्या में पेराई योग्य गन्ने जैसी विशेषताएं हैं, जिससे गन्ने की उत्पादकता के साथ चीनी उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
इन उन्नत किस्मों में अच्छी पेड़ी क्षमता भी बताई गई है। इससे अगली फसल में किसानों की बुवाई संबंधी लागत कम करने और बेहतर उत्पादन हासिल करने में सहायता मिल सकती है। विभाग के अनुसार, नई किस्मों को अपनाने से गन्ने की खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।

