अहमदाबाद। फ्लाईदुबई की उड़ान FZ-1073 में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा के लिए साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना लगातार हो रही है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित के सम्मान में राज्य सरकार की ओर से ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कैप्टन स्मित की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी वीरता ने गुजरात के साथ-साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी दिखाई हिम्मत
मुख्यमंत्री ने कहा कि आसमान में कैप्टन स्मित ने जिस साहस और धैर्य का परिचय दिया, वह बेहद उल्लेखनीय है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने खतरे का सामना किया और यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भूपेंद्र पटेल ने कैप्टन स्मित को गुजरात का गौरव बताते हुए उनकी बहादुरी और मानवीय भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी इस हिम्मत ने वैश्विक स्तर पर भारत और गुजरात का नाम रोशन किया है।
पीएम मोदी भी कर चुके हैं कैप्टन स्मित की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की प्रशंसा की थी। उन्होंने उन्हें ‘हीरो’ बताते हुए कहा था कि गंभीर खतरे और खुद घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने दूसरों की जान बचाने की कोशिश जारी रखी।प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित की बहादुरी को सराहते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने और पूरी तरह स्वस्थ होकर अपनी ताकत वापस पाने की कामना की थी।

