एक हाथ में संविधान… और दूसरे हाथ में कानून के नियम और कायदों की धज्जियां! नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ का ये कैसा ‘भौकाल’ है? एक तरफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी हो रहा है, संपत्ति कुर्क करने के ऐलान हो रहे हैं… तो दूसरी तरफ चंद्रशेखर आजाद बेखौफ होकर गाड़ी के बोनट पर बैठकर रैलियों में जलवा बिखेर रहे हैं! सवाल बड़ा है—अगर यही काम किसी आम नागरिक ने किया होता, तो पुलिस अब तक गाड़ियों के भारी-भरकम चालान काट चुकी होती या सलाखों के पीछे भेज चुकी होती… फिर चंद्रशेखर आजाद के सिर पर आखिर किसका हाथ है जो कानून का हर डंडा उनके आगे नाकाम साबित हो रहा है?”

“चुनावी हलफनामे के मुताबिक, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर कुल 36 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता यानी IPC की कुल 1,068 धाराएं शामिल हैं, जिनमें से कई बेहद संगीन और गंभीर आरोपों से जुड़ी हैं। लेकिन इसके बावजूद वो सड़कों पर खुलेआम घूमते हैं, जनसभाएं करते हैं और कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती देते दिखते हैं। “आखिर चंद्रशेखर आजाद को संरक्षण किसका है? उनकी पूर्व सहयोगी रोहिणी घावरी का दावा है कि चंद्रशेखर को सीधे बीजेपी और केंद्र का संरक्षण हासिल है, इसीलिए अब तक ना तो गंभीर शिकायतों पर सख्त कार्रवाई हुई और ना ही गिरफ्तारी! उधर, बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती भी पहले ही कह चुकी हैं कि चंद्रशेखर आजाद ‘बीजेपी की बी-टीम’ हैं, जिन्हें दलित वोटों में सेंध लगाने और बसपा को कमजोर करने के लिए खड़ा किया गया है। मायावती का साफ कहना है कि जिस दिन बीजेपी का काम निकल जाएगा, उस दिन चंद्रशेखर का राजनीतिक वजूद भी खत्म हो जाएगा। “हालांकि, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर चंद्रशेखर आजाद अपनी ‘आजाद समाज पार्टी’ के लिए पूरे जोर-शोर से वोट मांग रहे हैं और बड़ी संख्या में युवा उनके साथ जुड़ भी रहे हैं। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या चंद्रशेखर आजाद का ये ‘भौकाल’ यूं ही बरकरार रहेगा, या फिर रोहिणी घावरी और विरोधियों का दावा सच साबित होगा और जल्द ही नगीना के सांसद कानून शिकंजे में होंगे?

