उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच विपक्षी खेमे की रणनीति पर नजरें टिकी हैं। गठबंधन के संभावित स्वरूप और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है।
इस पोस्ट के जरिए उन्होंने गठबंधन की राजनीति में सीटों के बजाय साझा लक्ष्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया है।अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट की शुरुआत एक शेर के जरिए की। उन्होंने लिखा, “मकसद जब साफ हो तो हाथ में हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है।” इसके बाद उन्होंने कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें किस दल को मिलेंगी, यह सबसे अहम सवाल नहीं है। उनके मुताबिक प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि सभी सहयोगी दल मिलकर गठबंधन की जीत सुनिश्चित करें।
सपा प्रमुख ने अपने संदेश में इस बात पर दोबारा जोर दिया कि चुनावी रणनीति का केंद्र सीटों की संख्या नहीं बल्कि गठबंधन की सामूहिक सफलता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि उन सभी प्रयासों की जीत होगी जो लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने साम्प्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष और देश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की बात भी कही।अखिलेश यादव का यह संदेश ऐसे वक्त आया है जब 2027 के चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के बीच तालमेल और सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। ऐसे में उनके बयान को गठबंधन के भीतर समन्वय और साझा रणनीति पर जोर देने वाले संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि चुनावी गठबंधन का अंतिम स्वरूप और सीटों का फॉर्मूला क्या होगा, यह आने वाले समय में होने वाली राजनीतिक बातचीत से ही साफ होगा।

