सीएम योगी ने 470 कुशल खिलाड़ियों को दिए नियुक्ति पत्र, बोले- खेल मैदान का अनुशासन पुलिस सेवा में बनेगा ताकत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस को 470 प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिले हैं। लोक भवन सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के इस सफर को ‘जर्सी से वर्दी’ की गौरवपूर्ण यात्रा बताया और उन्हें पुलिस सेवा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
470 खिलाड़ियों में 303 पुरुष और 167 महिलाएं

कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 अभ्यर्थियों में 303 पुरुष और 167 महिलाएं शामिल हैं। इनमें 43 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, 295 आरक्षी नागरिक पुलिस और 132 आरक्षी पीएसी के पद पर चयनित हुए हैं।
नियुक्ति पाने वाले खिलाड़ियों के लिए यह अवसर वर्षों की मेहनत, खेल प्रतिभा और उपलब्धियों को सम्मान मिलने के साथ ही जनसेवा की नई जिम्मेदारी की शुरुआत का प्रतीक रहा।
खेल का अनुशासन पुलिस सेवा में आएगा काम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र के साथ उनकी ‘जर्सी से वर्दी’ की यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में अर्जित अनुशासन, टीम भावना, परिश्रम, समयबद्धता और विपरीत परिस्थितियों में लगातार अभ्यास करने की क्षमता पुलिस सेवा में भी उनके लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों का चयन उनकी प्रतिभा और वर्षों की मेहनत का सम्मान है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी खेल प्रैक्टिस जारी रखने और युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए डीएसपी पद पर नियुक्ति की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की व्यवस्था की गई है। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर सीधी नियुक्ति देने की व्यवस्था भी है।
उन्होंने बताया कि अब तक 7 कुशल खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक के पद पर नियुक्त किया जा चुका है।
खिलाड़ियों को 200 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है। सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं को सम्मानजनक अवसर और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
15 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने खुद सौंपे नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित 470 खिलाड़ियों में से 15 खिलाड़ियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें बॉक्सिंग, शूटिंग, हॉकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, आर्चरी, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, साइकिलिंग, कराटे और कबड्डी जैसे खेलों से जुड़े खिलाड़ी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों में राष्ट्रीय, एशियाई और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं। कई चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
2022 से अब तक 950 कुशल खिलाड़ी UP पुलिस में शामिल

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सम्मानजनक अवसर देने की व्यवस्था मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक कुल 950 कुशल खिलाड़ियों की भर्ती उत्तर प्रदेश पुलिस में की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि खेल और पुलिस सेवा का आपस में गहरा संबंध है। खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, शारीरिक दक्षता और दबाव में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है।
513 आउट ऑफ टर्न प्रमोशन का भी दिया गया लाभ
डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुशल खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न पदोन्नति भी दी जा रही है। अब तक निरीक्षक/दलनायक पीएसी के पद पर 14, उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर के पद पर 59 और मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस/पीएसी के पद पर 440 आउट ऑफ टर्न पदोन्नतियां प्रदान की गई हैं।
UP पुलिस खिलाड़ियों ने जीते 1105 पदक

उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने पिछले एक दशक में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। पुलिस खिलाड़ियों ने इन प्रतियोगिताओं में कुल 1105 पदक अर्जित कर संगठन और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वहीं वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स-2025 में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने 95 पदक जीतकर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
माता-पिता और प्रशिक्षकों के योगदान को भी सराहा
कार्यक्रम में नवचयनित खिलाड़ियों के माता-पिता परिजनों और प्रशिक्षकों के योगदान की भी सराहना की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके परिवार और प्रशिक्षकों की मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजी भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड एस.बी. शिरोडकर, डीजी पीएसी आलोक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मध्य जोन एवं सचिव यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, नवनियुक्त खिलाड़ी और उनके परिजन मौजूद रहे।
नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही इन 470 खिलाड़ियों ने खेल के मैदान से निकलकर अब उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी में जनसेवा की नई पारी शुरू कर दी है।

