उत्तराखंड में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में देहरादून के रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के बारे में भी जाना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे बहुद्देशीय शिविर सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और योजनाओं का लाभ प्राप्त करना भी आसान हो रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब सरकारी सेवाएं सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचेंगी। सेवा संकल्प शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं, जिनके जरिए सरकार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रही है और समाधान के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
