Oplus_16908288
उत्तर प्रदेश में युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने यूथ अड्डा का नया मैस्कॉट ‘उद्यमी बडी’ लॉन्च किया है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, खासकर बेटियों को स्वरोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है।
लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी समेत कई जिलों के यूथ अड्डा केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों युवाओं और महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि के जरिए प्रतिभागियों ने अपने सपने और भविष्य में सीखने वाले कौशल साझा किए। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। ‘उद्यमी बडी’ को एक युवा लड़की के रूप में तैयार किया गया है, जो महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। इसके माध्यम से युवतियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और नए व्यवसाय की शुरुआत करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एमएसएमई विभाग की विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि वे सरकारी सहयोग से अपने व्यावसायिक सपनों को साकार कर सकें।
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं, बल्कि युवाओं को सपने देखने, कौशल विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने वाला संदेश है। उन्होंने कहा कि इस पहल का मकसद युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बनाना है।यूपीकॉन की यह पहल योगी सरकार के मिशन रोजगार को गति देने के साथ प्रदेश की बेटियों और युवाओं को उद्यमिता की नई दिशा दिखाने का प्रयास है।
