प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीनों का इस्तेमाल अब गरीबों को आवास उपलब्ध कराने के लिए किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रयागराज के चकिया स्थित कसारी-मसारी क्षेत्र में अतीक अहमद से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए 602 फ्लैट बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल इस महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना ‘पद्मलोक अपार्टमेंट’ का भूमि पूजन करेंगे।योगी सरकार की इस पहल को माफिया के खिलाफ कार्रवाई के बाद जमीन के जनहित में इस्तेमाल की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। जिस जमीन पर कभी माफिया का कब्जा था, वहां अब गरीब परिवारों के लिए घर बनाने की योजना है।
इस आवासीय परियोजना के जरिए जरूरतमंद परिवारों को अपना आशियाना मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य माफिया से मुक्त कराई गई संपत्तियों का उपयोग जनकल्याण के कार्यों में करना और गरीबों को बेहतर आवास उपलब्ध कराना है।मुख्तार अंसारी के बाद अब अतीक अहमद से जुड़ी जमीन पर आवासीय परियोजना की पहल के जरिए सरकार माफिया के खिलाफ कार्रवाई और गरीबों को घर देने के अपने संदेश को आगे बढ़ा रही है। प्रयागराज में बनने वाला पद्मलोक अपार्टमेंट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना के रूप में देखा जा रहा है।
