अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में मौसम में बदलाव के चलते 1 नवंबर से रामलला के दर्शन और आरती की नई समय-सारिणी लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब मंदिर के पट सुबह 3:45 बजे के बजाय 4 बजे खुलेंगे। वहीं, श्रद्धालुओं को सुबह 7 बजे से रामलला के दर्शन मिल सकेंगे। इसके अलावा दोपहर में रामलला के विश्राम का समय भी बढ़ाकर एक घंटा कर दिया गया है।
सुबह 4 बजे खुलेंगे राम मंदिर के पट
नई समय-सारिणी के अनुसार श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के पट सुबह 4 बजे खोले जाएंगे। इसके बाद सुबह 4:30 बजे रामलला की मंगला आरती होगी। वहीं, सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती संपन्न कराई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए सुबह 7 बजे से दर्शन शुरू होंगे।
दोपहर में एक घंटे विश्राम करेंगे रामलला
नई व्यवस्था के तहत रामलला दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक विश्राम करेंगे। पहले दोपहर में रामलला को केवल 30 मिनट का विश्राम दिया जाता था। मौसम में बदलाव को देखते हुए विश्राम का समय बढ़ाकर एक घंटा कर दिया गया है।
रात 9:15 बजे तक होंगे रामलला के दर्शन
नई समय-सारिणी के मुताबिक शाम और रात में श्रद्धालु रात 9:15 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद रात 9:30 बजे शयन आरती होगी और रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
पहले से कितनी बदली मंदिर की समय-सारिणी?
इससे पहले श्रीरामजन्मभूमि मंदिर के पट सुबह 3:45 बजे खुलते थे और रात 10:30 बजे बंद किए जाते थे। अब नई व्यवस्था में सुबह पट खुलने का समय 15 मिनट आगे किया गया है, जबकि रात में मंदिर बंद होने का समय 30 मिनट पहले कर दिया गया है।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मीडिया सलाहकार सुभाष चंद्र सिंह के अनुसार, मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए दर्शन और आरती की नई व्यवस्था लागू की गई है।
रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालु नई समय-सारिणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
