Ayodhya Deepotsav Illuminates Potters’ Livelihoods, Farmers’ Produce and Local Economy: CM Yogi Adityanath.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आगमन से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दीपोत्सव की महत्ता को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री अयोध्या धाम का भव्य दीपोत्सव आस्था के साथ आर्थिकी को भी नई ऊर्जा दे रहा है। यहां प्रज्ज्वलित हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसी किसान की उपज और किसी परिवार की आजीविका को नया प्रकाश दे रहा है।
2017 से पहले स्थानीय अर्थव्यवस्था से जुड़ाव का अभाव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में कहा कि वर्ष 2017 से पहले राम नगरी की सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने की कोई पहल नहीं की गई थी। आस्था के सामर्थ्य को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का पूर्णतः अभाव था।
दीपोत्सव से कुम्हारों और छोटे कारोबारियों को नए अवसर
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस अंधकार को दूर किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से आलोकित होने वाला भव्य दीपोत्सव आज कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम एवं कारोबार के नए अवसर सृजित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस दीये से राम नगरी जगमगाती है, उसी से किसी श्रमशील परिवार के घर में खुशहाली की उम्मीद भी जागती है। यही दीपोत्सव की विशेषता है, जो धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय आजीविका और आर्थिक गतिविधियों को भी नई दिशा दे रहा है।
