लखनऊ के सीतापुर रोड स्थित प्रॉमिनेंट मॉल में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मौका था भजन जैमिंग कार्यक्रम का, जहां भजनों की धुन पर पूरा मॉल भक्तिमय हो गया। 7 नवंबर को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भजनों का आनंद लिया और तालियों के साथ सुर से सुर मिलाए।कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा और हनुमान अष्टक के पाठ से हुई।

इसके बाद हनुमान भजनों से लेकर मां शेरावाली और भगवान कृष्ण की भक्ति ने ऐसा समां बांधा कि बच्चे, युवा, बुजुर्ग और परिवार सभी भक्ति में झूमते नजर आए।कार्यक्रम में कथावाचक और उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित राज स्मृति ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति और कथावाचन से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं टी-सीरीज और दूरदर्शन के चर्चित गायक मनुज शर्मा और उनके पुत्र अध्यात्म शर्मा ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

युवा गायिका गौरा त्रिवेदी ने भी अपनी प्रतिभा और मधुर आवाज से खूब तालियां बटोरीं। फोकटेल्स स्टूडियो बैंड ने लाइव संगीत से कार्यक्रम को और खास बना दिया।इस आयोजन के पीछे प्रॉमिनेंट मॉल के स्वामी अमित कृष्ण श्रीवास्तव की पहल और हनुमान जी के प्रति उनकी गहरी आस्था रही। उनका मानना है कि मॉल केवल खरीदारी का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का भी मंच बनना चाहिए। इसी सोच के तहत यह कार्यक्रम सभी के लिए निःशुल्क आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का समापन जय हनुमान और जय मां शेरावाली के जयकारों के साथ हुआ। आयोजकों ने भजन जैमिंग को लखनऊ की नियमित भक्ति परंपरा बनाने का संकल्प भी जताया। कुल मिलाकर प्रॉमिनेंट मॉल की यह शाम संगीत के साथ-साथ आस्था, संस्कार और सामूहिक भक्ति का यादगार अनुभव बन गई।
