प्रतापगढ़। कुंडा में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के आयोजन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा शुरू हो गई है। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, कथा से पहले विरोध को लेकर हुई चर्चाओं के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रामकथा के पहले दिन मंच पर कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां नजर आईं। इनमें बृजभूषण शरण सिंह, विनीत सिंह, अभय सिंह, राकेश सिंह, सांसद निशिकांत दुबे, योग गुरु बाबा रामदेव, संजीव बालियान, राजू दास और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी दुबे सहित अन्य लोग शामिल रहे।

मंच से संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया के राजनीतिक प्रभाव का जिक्र किया। वहीं, बाबा रामदेव ने कहा कि कथा के आयोजन को लेकर विरोध की खबरें सामने आने के बाद उन्होंने यहां पहुंचने का निर्णय लिया था।
कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से आए विस्थापित हिंदुओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। राजा भैया ने उन्हें सम्मानपूर्वक आगे की पंक्ति में बैठाया। इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि राजा भैया के माध्यम से उन्हें पहली बार पाकिस्तान से आए हिंदुओं को रामकथा सुनाने का अवसर मिला है।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से हिंदुओं की एकजुटता और भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के अपने संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में सांस है, वह हिंदुओं को एकजुट करने की बात करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने देश के हर जिले में राजा भैया जैसे सनातनी नेताओं की आवश्यकता भी जताई।
वहीं, राजा भैया ने कथा में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई। पहले दिन उमड़ी भीड़ और मंच पर मौजूद दिग्गज हस्तियों की वजह से कुंडा की यह रामकथा राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। कथा का आयोजन आगे भी जारी रहेगा।

