ललितपुर में माताटीला स्टेशन पर हादसा — निजी कंपनी के टेक्नीशियन की करंट लगने से मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

    2
    0

    लखनऊ:ललितपुर जिले के माताटीला रेलवे स्टेशन पर 25 अक्टूबर को कार्य के दौरान करंट लगने से एक निजी कंपनी के टेक्नीशियन की मौत हो गई। घटना के बाद रविवार को मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन के समीप वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (विद्युत) कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने कंपनी के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग की।

    हादसा काम के दौरान, नहीं थे सुरक्षा उपकरण

    जानकारी के अनुसार, कोतवाली सदर क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी शिवम रायकवार (27 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय बलीराम, ललितपुर रेलवे में कार्यरत एक निजी कंपनी में पिछले एक वर्ष से टेक्नीशियन के पद पर कार्य कर रहे थे।
    शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने दो सहयोगियों, साबिर और एक अन्य साथी के साथ माताटीला रेलवे स्टेशन पर विद्युत खंभे की अर्थिंग (A.T.) का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खंभे पर चढ़ते समय अचानक शिवम को करंट लग गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह करीब 12 फीट की ऊँचाई से नीचे गिर पड़े।

    ALSO READ:हापुड़ में गढ़ गंगा मेले का सीएम योगी ने किया हवाई सर्वेक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा

    अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

    सहकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें तालबेहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि शिवम परिवार के इकलौते बेटे थे, जबकि उनकी पत्नी गर्भवती हैं। पिता के निधन के बाद से परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी।

    परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, मांगी कार्रवाई

    रविवार सुबह मृतक के परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग रेलवे स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कंपनी प्रबंधन और ठेकेदारों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिवम को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे, न ही उस समय कोई सुपरवाइजर मौके पर मौजूद था।
    परिजनों ने मांग की कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, और लापरवाह कंपनी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

    पुलिस व रेलवे अधिकारियों ने संभाली स्थिति

    सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुँची और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं, रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
    झांसी रेल मंडल के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    शोक में डूबा परिवार

    शिवम की असमय मौत से परिवार, रिश्तेदार और पड़ोसियों में शोक की लहर है। मोहल्ले के लोगों ने भी कहा कि रेलवे ठेकेदार कंपनियाँ अकसर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करती हैं और मजदूरों से जोखिम भरे कार्य कराती हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here