दिल्ली की हवा में ठंड भले बढ़ रही हो, लेकिन सत्ता के गलियारों में सियासी तापमान तेजी से चढ़ रहा है। वजह हैं — उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। योगी का अचानक दिल्ली पहुंचना और फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करना राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं का सबब बन गया। इस मुलाकात को सिर्फ शिष्टाचार मुलाकात मानना शायद जल्दबाज़ी होगी।सूत्र बताते हैं कि योगी की इस यात्रा के अगले पड़ाव में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ उनकी लंबी बैठक होने वाली है। आज दोनों नेता गाज़ियाबाद में एक बड़े सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया । कहा जा रहा है कि इस दौरान योगी और राजनाथ भविष्य की रणनीति, प्रदेश-केन्द्र के तालमेल, और भाजपा के आगामी सियासी समीकरणों पर गहन चर्चा करेंगे।
यह सब ऐसे समय हो रहा है जब उत्तर प्रदेश की सियासत पिछले कुछ हफ्तों से असामान्य रूप से गरम है।अयोध्या में हुए दीपोत्सव कार्यक्रम में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक मंच पर मौजूद थे, तब दो अहम चेहरे नदारद थे — उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक।
उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीति के गलियारों में सवालों की बाढ़ आ गई।मामला और दिलचस्प तब हुआ जब दीपोत्सव के आधिकारिक विज्ञापन में भी दोनों डिप्टी सीएम की तस्वीरें नदारद थीं। विज्ञापन में सिर्फ मोदी और योगी थे — बाकी सभी गायब।अब भारतीय राजनीति में तस्वीरें केवल प्रचार की वस्तु नहीं होतीं; वे सत्ता की प्राथमिकताओं और रिश्तों की झलक दिखाती हैं। यही कारण रहा कि दीपावली की जगमगाहट के बीच सियासत में असहमति की एक नई चिंगारी जल उठी।योगी की इस दिल्ली यात्रा का असली उद्देश्य क्या था ,, यह किसी को नहीं बताया गया, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकातें भाजपा की भविष्य की राजनीतिक रचना से जुड़ी हैं।दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और योगी आदित्यनाथ की बातचीत कई स्तरों पर अहम रही। एक ओर जहां प्रशासनिक समन्वय पर चर्चा हुई, वहीं दूसरी ओर संगठनात्मक मामलों और उत्तर प्रदेश की अंदरूनी राजनीति पर भी लंबी बातचीत हुई बताई जा रही है।दरअसल, भाजपा के भीतर इन दिनों उत्तर प्रदेश को लेकर कुछ असहजता महसूस की जा रही है। योगी आदित्यनाथ की स्वतंत्र कार्यशैली, निर्णायक छवि और जनता के बीच उनकी अभूतपूर्व लोकप्रियता उन्हें संगठन के पारंपरिक ढांचे से बड़ा बना रही है।यह स्थिति कई बार पार्टी नेतृत्व के लिए चुनौती भी बन जाती है।
राजनीतिक जानकार इस पूरे घटनाक्रम में एक और दिलचस्प पहलू देखते हैं ,अमित शाह और केशव प्रसाद मौर्य का पुराना समीकरण।दोनों के रिश्ते भाजपा के 2014 के सुनहरे दौर से ही गहरे रहे हैं।केशव मौर्य कई बार सार्वजनिक मंचों पर अमित शाह को अपना गुरु बता चुके हैं, वहीं शाह भी मौर्य को संगठन का सच्चा सिपाही और भरोसेमंद साथी मानते रहे हैं।यहीं से योगी और शाह के बीच की साइलेंट राइवलरी को समझा जा सकता है।जहां शाह पार्टी संगठन और रणनीति के शिल्पी हैं, वहीं योगी आदित्यनाथ एक जननेता के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं — जो न केवल यूपी बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का वैकल्पिक चेहरा बनते जा रहे हैं।
भाजपा की राजनीति लंबे समय से संगठनात्मक अनुशासन और केंद्रीय नियंत्रण पर टिकी रही है।लेकिन योगी आदित्यनाथ की शैली इस ढांचे से थोड़ी अलग है।वे अपनी ताकत जनता से लेते हैं, किसी गुट या गाइडलाइन से नहीं।उनकी राजनीति सीधे जनता के दिल से संवाद करती है — नो-नॉनसेंस स्टाइल में, बगैर किसी समझौते के।इसी स्वतंत्र रुख ने उन्हें लोकप्रिय बनाया है, लेकिन यही बात उन्हें पार्टी नेतृत्व के लिए असहज भी करती है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति, संगठन के फैसले और डिप्टी सीएम के साथ सामंजस्य जैसे मुद्दों पर योगी को सीमित करने की कोशिशें चल रही हैं।यानी, सत्ता की उड़ान को संगठन के अनुशासन के घेरे में रखने की रणनीति।मगर योगी आदित्यनाथ कोई साधारण नेता नहीं हैं। वे वह शख्सियत हैं जिनकी राजनीति किसी पद या पदवी से नहीं, बल्कि जनभावना से संचालित होती है।और इतिहास गवाह है , जब कोई नेता जनता के दिल में जगह बना लेता है, तो उसे सीमाओं में बांधना आसान नहीं होता।दिल्ली में चल रहे इस सियासी शतरंज के बीच योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच बढ़ती नज़दीकियाँ भी ध्यान देने योग्य हैं।राजनाथ भाजपा के उन वरिष्ठ नेताओं में हैं जिनकी छवि संतुलन और संवाद की राजनीति के लिए जानी जाती है।

कहा जा रहा है कि नोएडा के कार्यक्रम के बहाने योगी और राजनाथ के बीच सिर्फ अस्पताल उद्घाटन की बात नहीं होगी, बल्कि भविष्य की राजनीतिक दिशा और रणनीति पर भी चर्चा होगी।राजनाथ सिंह लंबे समय से योगी की कार्यशैली की प्रशंसा करते रहे हैं।अगर आने वाले दिनों में योगी-राजनाथ समीकरण और मजबूत होता है, तो यह भाजपा के भीतर एक नए पॉवर ब्लॉक के उभरने का संकेत भी हो सकता है।दिल्ली की यह यात्रा महज़ मुलाकातों का सिलसिला नहीं है — यह उस संघर्ष की भूमिका है जो भाजपा के भविष्य को आकार दे सकता है।अगर सबकुछ सहज रहा, तो पार्टी आने वाले चुनावों में एकजुट चेहरा पेश करेगी।लेकिन अगर असहमति गहराई, तो यह टकराव संगठन बनाम सत्ता” का सबसे बड़ा अध्याय बन सकता है —एक तरफ अमित शाह की रणनीति, और दूसरी तरफ योगी आदित्यनाथ की जनशक्ति।राजनीति में सन्नाटा कभी भी स्थायी नहीं होता।
दिल्ली में अभी भले शांति है, पर लखनऊ की दीवारों पर लिखा जा चुका है —जब कोई सत्ता बहुत तेज़ चलती है, तो उसके भीतर संघर्ष की परछाईं भी उतनी ही गहरी होती है।और यही संघर्ष आने वाले वक्त में तय करेगा —
क्या योगी आदित्यनाथ संगठन के अनुशासन में बंधेंगे,या फिर वही अनुशासन एक दिन उनकी लोकप्रियता के आगे झुक जाएगा?फिलहाल कहानी जारी है…
और दिल्ली — अभी भी जाग रही है।





