भीषण टक्कर में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत
कासगंज जिले के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। कादरगंज गंगा घाट पुल के पास तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
तेहरवीं से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक महेंद्र और उनकी पत्नी कमलेश बदायूं जनपद के रहने वाले थे। दोनों बहोरा गांव में रिश्तेदारी में आयोजित तेहरवीं की दावत में शामिल होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने कब्जे में लिया कैंटर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार में मचा कोहराम
इस भीषण हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए।



