लंबे समय तक जेल में रहने के बाद जमानत पर रिहा हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी बुधवार (29 अक्टूबर) को रामपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की। उनकी पत्नी और मौजूदा विधायक नसीम सोलंकी भी उनके साथ थीं। दोनों नेताओं की मुलाकात करीब दो घंटे तक चली।
आजम खान ने शायरी में किया स्वागत
आजम खान ने इरफान सोलंकी का स्वागत अपने अंदाज में किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,आए गुले फसूला, लगा लूं तुझे गले,मेरी तरह से तू भी लूटा है बहार में।आजम ने आगे कहा, “बहार में लुटे हुए लोगों से मिलना हमेशा अच्छा लगता है।” उन्होंने बताया कि इरफान के पिता से उनके पुराने पारिवारिक रिश्ते हैं। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या यह राजनीतिक मुलाकात थी, तो आजम खान ने कहा “रिश्ता तो पारिवारिक है, लेकिन जब दो राजनीतिक लोग मिलते हैं तो सियासत की बातें तो होती ही हैं।
Also Read-ममता कुलकर्णी ,“मैंने दाऊद नहीं, विक्की गोस्वामी के बारे में कहा था”
“जुल्म हम पर भी हुआ, उन पर भी” — इरफान सोलंकी
इरफान सोलंकी ने कहा, “हमारा और आजम साहब का रिश्ता बहुत पुराना और पारिवारिक है। हम दोनों एक सिक्के के दो पहलू हैं। जुल्म हम पर भी हुआ और उन पर भी।” उन्होंने बताया कि यह मुलाकात किसी राजनीतिक मकसद से नहीं थी, बस परिवार से मिलने और हालचाल जानने के लिए आए थे। उन्होंने कहा, “हमने उनसे दुआएं लीं कि ऐसा कठिन दौर कोई दुश्मन भी न देखे।”
जेल से बाहर आने के बाद पहली मुलाकात
इरफान सोलंकी ने कहा कि वह आजम खान की सेहत के लिए दुआ करते हैं। “वो हमारी पार्टी की जान हैं।”बता दें कि कानपुर की सीसामऊ सीट से विधायक रहे इरफान सोलंकी को पिछले साल आगजनी के मामले में सात साल की सजा हुई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म कर दी गई थी। इस सीट से उपचुनाव में उनकी पत्नी नसीम सोलंकी ने जीत दर्ज की थी।करीब 33 महीने जेल में रहने के बाद इरफान सोलंकी 30 सितंबर को महाराजगंज जेल से जमानत पर रिहा हुए। वहीं, सपा के कद्दावर नेता आजम खान भी 23 सितंबर को करीब 23 महीने जेल में रहने के बाद सीतापुर जेल से बाहर आए थे। आजम पर 100 से ज़्यादा मुकदमे दर्ज हैं।



