जनपद ललितपुर के थाना सौजना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुढ़ा मे एक दर्दनाक हादसा सामने आया। खेत पर मटर तोड़ने के दौरान नाले में गिरने से तीन सगे भाई-बहन डूब गए। ग्रामीणों की मदद से चार वर्षीय बच्ची को बचा लिया गया, जबकि 12 वर्षीय बहन और 8 वर्षीय भाई की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गुढ़ा निवासी रामकिशन उर्फ सोनू बुनकर की 12 वर्षीय पुत्री दीक्षा बुनकर, 8 वर्षीय पुत्र सतेन्द्र और 4 वर्षीय पुत्री सुहानी बुधवार दोपहर अपनी दादी के साथ गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर खेत पर गए थे। खेत में दादा-दादी और चाचा खाद डालने में व्यस्त थे, इसी दौरान शाम करीब 4 बजे तीनों बच्चे खेलते-खेलते खेत से कुछ दूरी पर स्थित नाले के पास पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि नाले के किनारे पत्थरों पर पैर फिसलने से तीनों बच्चे अचानक पानी में गिर गए। उसी समय वहां से गुजर रहे एक ग्रामीण ने बच्चों को डूबते देखा और तत्काल मौके पर पहुंचकर चार वर्षीय सुहानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि दीक्षा और सतेन्द्र गहरे पानी में डूब गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को नाले से बाहर निकालकर तत्काल महरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दीक्षा और सतेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली महरौनी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि दीक्षा कक्षा 8वीं में पढ़ती थी, जबकि सतेन्द्र कक्षा 4 का छात्र था। एक साथ दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव गुढ़ा में मातम पसरा हुआ है।






