मेरठ। मेरठ के गंगानगर निवासी सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। मवाना रोड इंचौली निवासी खुर्शीद उर्फ सोनू ने शादाब जकाती और अपनी पत्नी पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, शिकायतकर्ता की पत्नी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुर्शीद पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
इंचौली थाना क्षेत्र के मवाना रोड निवासी खुर्शीद उर्फ सोनू टायर रिपेयरिंग का कार्य करता है। बृहस्पतिवार को वह थाने पहुंचा और पुलिस से अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। खुर्शीद का आरोप है कि उसकी पत्नी और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर शादाब जकाती आपस में मिलकर उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी कई-कई दिनों तक शादाब जकाती के साथ बाहर रहती है और जब वह इसका विरोध करता है तो उसे गालियां दी जाती हैं और तलाक की धमकी दी जाती है।
खुर्शीद ने बताया कि वह गंभीर रूप से बीमार है और उसे हृदय संबंधी समस्या है। उसके अनुसार बुधवार को उसकी पत्नी शादाब जकाती के साथ देहरादून जाने की तैयारी में थी। जब उसने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए पत्नी को बाहर जाने से मना किया, तो कथित तौर पर पत्नी ने कहा, “तू मर जा।”
पीड़ित का यह भी दावा है कि जब वह कोर्ट केस की बात करता है तो उसे पैसों की ताकत दिखाकर डराया और धमकाया जाता है।
इस पूरे मामले पर सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि खुर्शीद थाने आया था, लेकिन उसने अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपित बनाए जा रहे शादाब जकाती ने मीडिया के सवालों का जवाब देने से फिलहाल दूरी बना रखी है।






