तीर्थराज प्रयाग में माघ मेला 2026 का आज विधिवत शुभारंभ हो गया। माघ मेले के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी। पावन संगम पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
माघ मेले के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्वीट कर श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने ट्वीट में लिखा—माघ मेला के शुभारंभ एवं पावन पौष पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
पवित्र संगम में स्नान हेतु देशभर से पूज्य साधु-संत, धर्माचार्य, सभी अखाड़ों के साधु एवं कल्पवासी प्रयागराज पहुंचे हैं। संगम क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण के साथ भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुबह से ही संगम और मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते नजर आ रहे है माघ मेला भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आस्था का प्रतीक है।




