लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने फिल्मीटिक्स मीडिया से बात करते हुए स्पष्ट किया है कि उन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किया गया है और वह स्वयं जांच में सहयोग करने के लिए हजरतगंज थाने पहुंची थीं। फिल्मिटी संवाददाता अनिकेत तिवारी से खास बातचीत में नेहा सिंह राठौर ने कहा कि वह अपना बयान दर्ज कराने गई थीं, हालांकि देर रात तक बयान दर्ज नहीं हो सका।
नेहा सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में नहीं लिया है। उन्होंने कहा, “मैं किसी दबाव में नहीं हूं। मैं स्वेच्छा से जांच में सहयोग करने आई हूं।”
गौरतलब है कि पहलगाम मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद नेहा सिंह राठौर को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। चर्चा थी कि उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है, लेकिन नेहा ने इन अटकलों को खारिज कर दिया।
नेहा सिंह राठौर देर रात अपने पति हिमांशु के साथ हजरतगंज थाने पहुंची थीं। इस दौरान थाने के बाहर मीडिया की मौजूदगी भी रही, हालांकि पूरे मामले पर पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
नेहा सिंह राठौर ने मीडिया से बातचीत में दोहराया कि वह कानून का सम्मान करती हैं और जांच में हरसंभव सहयोग करेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और वह सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।





