उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश और हरित परिवहन को नई दिशा देते हुए राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर एक्सटेंशन, कानपुर रोड स्थित अशोक लीलैंड के अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल विनिर्माण संयंत्र का भव्य उद्घाटन किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया जिस अवसर पर भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी सहित यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक उपस्थित रहे। यह नया ईवी प्लांट उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अशोक लीलैंड का यह संयंत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के प्रति बढ़ते औद्योगिक विश्वास का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह निवेश न केवल प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति केंद्र सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों से जूझ रही है और ऐसे समय में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स भविष्य की जरूरत हैं। अशोक लीलैंड का यह ईवी प्लांट इन्हीं चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक ठोस और दूरदर्शी प्रयास है।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान निवेश के लिहाज से अनिश्चित और अस्थिर राज्य के रूप में थी, लेकिन आज प्रदेश संभावनाओं को परिणाम में बदलने वाला राज्य बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहले जहां उपद्रव का माहौल रहता था, आज वहीं उत्सव और विकास का वातावरण है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट की श्रेणी में शामिल हो चुका है अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश के बुनियादी ढांचे की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि देश के कुल एक्सप्रेस वे का लगभग 55 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश में देश का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क मौजूद है मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कोई भी निवेशक असुरक्षित महसूस नहीं करता। डबल इंजन सरकार के सुशासन और पारदर्शी नीतियों के चलते निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की खुले मंच से सराहना की। उन्होंने कहा कि योगी जी जैसे मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश करने की इच्छा स्वतः ही मजबूत हो जाती है। यह केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि यहां आधुनिक तकनीक और नई औद्योगिक प्रणालियों पर आधारित संयंत्र स्थापित हो रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, जहां पहचान गुंडाराज से जुड़ी थी, लेकिन आज वही प्रदेश देश के विकास में एक मजबूत औद्योगिक योगदान दे रहा है।
रक्षा मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 34 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से प्रदेश राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत अपने हथियार और रक्षा उपकरण खुद बना रहा है और इसमें उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी द्वारा उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराने और समयबद्ध ढंग से परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की सराहना करते हुए कहा कि यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस तरह के निवेश से न केवल कर संग्रह में वृद्धि हो रही है, बल्कि प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इससे युवा अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास का पर्यायवाची बन चुका है और आने वाले समय में इसकी पहचान और अधिक मजबूत होगी।अशोक लीलैंड का यह ईवी प्लांट उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, पर्यावरण संरक्षण और रोजगार सृजन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।





