निर्माणाधीन रिजॉर्ट में मजदूरी कर वापस घर लौट रहे युवकों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। रामनगर के गैबुआ क्षेत्र में एक बाइक और कार की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाजपुर के कनौरा गांव निवासी राकेश सिंह (18) पुत्र राम सिंह, सचिन पुत्र तौते राम और हनी पुत्र गिरधारी लाल रामनगर स्थित एक रिजॉर्ट में पीओपी का कार्य करने आए थे। सोमवार शाम करीब छह बजे तीनों युवक एक ही बाइक से रामनगर से बाजपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान गैबुआ क्षेत्र के पास सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को रामनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राकेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं सचिन और हनी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। राकेश सिंह गरीब परिवार से था और चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।





