दोस्त के कमरे में रह रहा था युवक, मौके से तमंचा बरामद
लखनऊ। विकास नगर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अवैध रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सेक्टर N-1, मकान संख्या SS/95 की है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ पड़ा था।
दोस्त के रूम में रह रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक मृतक 35 वर्षीय प्रद्युमन पाठक, मूल रूप से जौनपुर का निवासी था। वह फिलहाल अपने एक दोस्त के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और कुछ समय से मानसिक तनाव में भी था।
UPSI की तैयारी कर रहे युवक के कमरे में सुसाइड
घटना उस कमरे में हुई जहां UPSI की तैयारी कर रहे दिव्यांशु सिंह रहते हैं। प्रद्युमन पाठक भी कुछ समय से उसी कमरे में ठहरा हुआ था। घटना के समय कमरे में कौन मौजूद था, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मौके से अवैध रिवॉल्वर बरामद
पुलिस ने मौके से एक अवैध रिवॉल्वर बरामद की है, जिससे आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। रूम पार्टनर से पूछताछ की गई, लेकिन वह पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।
डीसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे से साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी सबूत एकत्र किए।
पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू की पड़ताल
विकास नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अवैध हथियार युवक के पास कैसे आया और क्या इस मामले में कोई और भी जिम्मेदार है।
फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।






