Home Uttar Pradesh शहरी विकास को नई रफ्तार: मंत्री ए.के. शर्मा ने तय की समयबद्ध...

शहरी विकास को नई रफ्तार: मंत्री ए.के. शर्मा ने तय की समयबद्ध कार्ययोजना

33
0

आवास, स्मार्ट सिटी और जनसुविधा योजनाओं पर सरकार का फोकस तेज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार शहरी विकास को नई दिशा देने की ओर तेज़ी से अग्रसर है। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ के संगम सभागार में नगर विकास विभाग की प्रमुख योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में मंत्री ने स्पष्ट संकेत दिए कि शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इनमें लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्मार्ट सिटी से लेकर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना तक हुई समीक्षा

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री शर्मा ने स्मार्ट सिटी मिशन, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, आकांक्षी नगर योजना, वैश्विक नगरोदय योजना, स्मार्ट पालिका योजना, सीएम ग्रिड योजना, पंडित दीनदयाल नगरीय विकास योजना, गौशाला एवं डॉग शेल्टर जैसी योजनाओं की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का असर केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए।

आवासीय योजनाओं में तेजी लाने के सख्त निर्देश

आवासीय योजनाओं की प्रगति अपेक्षा से कम पाए जाने पर मंत्री शर्मा ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तुरंत तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवासीय योजनाएं सीधे आमजन से जुड़ी हैं, इसलिए इनमें देरी सरकार की मंशा के विपरीत है। सरकार का उद्देश्य है कि हर पात्र व्यक्ति को सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास समय पर उपलब्ध कराया जाए।

सीएम ग्रिड योजना को पालिका स्तर तक मजबूत करने पर जोर

मंत्री ने सीएम ग्रिड योजना को नगर पालिका स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और नगरीय सुविधाओं में एकरूपता आएगी।

फाइलें लंबित रखने पर सख्त रुख

बैठक में मंत्री शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों की फाइलें अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाएं।
उन्होंने निर्णय प्रक्रिया को तेज करने पर बल देते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आम नागरिकों तक पहुंचे।

जल निकासी, तालाब और अंत्येष्टि स्थलों के विकास पर ध्यान

समीक्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था, झील, तालाब, पोखर, वंदन स्थल एवं अंत्येष्टि स्थलों से जुड़े कार्यों में आवश्यकतानुसार पुनर्विनियोग करने के निर्देश भी दिए गए।
मंत्री ने कहा कि शहरों की स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के लिए ये कार्य बेहद महत्वपूर्ण हैं।

विभागीय मामलों के निस्तारण में तेजी के निर्देश

मंत्री एके शर्मा ने कैडर रिव्यू और विभागीय कार्यवाहियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए इन मामलों में भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद,
सचिव/निदेशक नगरीय निकाय अनुज झा,
सचिव/एमडी जल निगम रविंद्र कुमार प्रथम,
विशेष सचिव सूडा/जेएमडी जल निगम प्रवीण लक्ष्यकार,
विशेष सचिव सत्यप्रकाश पटेल,
विशेष सचिव महेंद्र बहादुर सिंह सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक से झलकी सरकार की गंभीरता और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता

मंत्री ए.के. शर्मा की इस समीक्षा बैठक से साफ है कि योगी सरकार शहरी विकास योजनाओं को लेकर गंभीर, प्रतिबद्ध और परिणामोन्मुखी है। आने वाले समय में शहरी सुविधाओं में सुधार और योजनाओं के धरातल पर उतरने की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here