Home Accident मसूरी के पास भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार,चालक की मौके...

मसूरी के पास भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार,चालक की मौके पर दर्दनाक मौत

32
0

पर्यटन नगरी मसूरी के केंपटी फॉल क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। केंपटी फॉल के समीप कांडीखाल इलाके में एक कार (संख्या: UK07 FP 0359) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विजय कुमार पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। मृतक कंडाला ग्रामीण, कैराना, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) का निवासी बताया जा रहा है।
दोस्तों के साथ मसूरी घूमने आया था युवक
जानकारी के अनुसार विजय अपने दोस्तों के साथ मसूरी घूमने आया था। देर रात उसके दोस्त होटल में रुक गए थे, जबकि विजय अपनी कार में ही मौजूद था। सुबह जब दोस्तों ने होटल के बाहर कार नहीं देखी और विजय का मोबाइल फोन भी बंद मिला, तो उन्होंने इसकी सूचना मसूरी पुलिस को दी।

इसी दौरान कांडीखाल क्षेत्र में एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि सड़क से नीचे खाई में एक कार गिरी हुई है और उसमें एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पुष्टि हुई कि मृतक वही युवक है, जो रात से लापता था। मसूरी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के माध्यम से मसूरी उप जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। साथ ही पुलिस युवक के साथ आए दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केंपटी फॉल से कांडीखाल जाने वाली सड़क पर कई स्थानों पर पैराफिट और क्रैश बैरियर नहीं हैं, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने शासन-प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here