उत्तराखंड-चमोली के गौचर क्षेत्र में धार्मिक परिवर्तन से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसे लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है। यहां एक मुस्लिम परिवार ने विधिविधान के साथ सनातन धर्म अपना लिया। पूरी धार्मिक प्रक्रिया अलकनंदा नदी के तट पर संपन्न कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौचर निवासी मकबूल अहमद ने अपने परिवार के साथ सनातन धर्म ग्रहण किया। धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया के दौरान मकबूल अहमद ने अलकनंदा नदी में स्नान, मुंडन संस्कार एवं हवन-यज्ञ किया। धर्म परिवर्तन के बाद मकबूल अहमद अब ‘कमल’ नाम से पहचाने जाएंगे। उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने भी सनातन धर्म को अपनाया है।
यह धार्मिक अनुष्ठान गौचर स्थित रघुनाथ मंदिर के समीप संपन्न हुआ, जहां पंडित अनुसूया प्रसाद जोशी की उपस्थिति में सभी विधियां पूरी कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार के दबाव, डर या प्रलोभन की कोई सूचना नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, संबंधित परिवार ने स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन किया है।



