श्रीकृष्ण जन्मभूमि एवं शाही ईदगाह विवाद से जुड़े मामलों पर आज इलाहाबाद उच्च न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई होने जा रही है। यह सुनवाई दोपहर लगभग 2:00 बजे शुरू होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, शाही ईदगाह और जामा मस्जिद आगरा से जुड़े मामलों पर हाईकोर्ट में विस्तार से बहस होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की ओर से मजबूत दलीलें रखी जाएंगी।

केस नंबर 3 के तहत जामा मस्जिद आगरा विवाद में हिंदू पक्ष की ओर से कोर्ट कमीशन जारी करने की अपील की जाएगी। हिंदू पक्ष का कहना है कि इससे ऐतिहासिक तथ्यों की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी और दुनिया को वास्तविक इतिहास की जानकारी मिल पाएगी। इसके साथ ही हिंदू पक्ष द्वारा विशेष रूप से वाद बिंदु तय करने की भी मांग की जाएगी।
एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि-“शाही ईदगाह पक्ष जानबूझकर इस केस को आगे बढ़ा रहा है, ताकि मामले में वाद बिंदु तय न हो सकें।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रक्रिया को लंबा खींचने की कोशिश की जा रही है, जिससे न्यायिक निर्णय में देरी हो।


