पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में 20 किलोमीटर प्वाइंट के पास नेरा कबूल गांव के समीप हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि गाड़ी का पिछला टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 5 की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लोनी कटरा थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में टायर फटना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



