टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। आज मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड की टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। इस हाईवोल्टेज मुकाबले में दोनों टीमें जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि भारत और इंग्लैंड में से कौन-सी टीम जीत दर्ज कर न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलेगी।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर भारतीय टीम का टी20 रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक 7 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 5 में जीत हासिल की है, जबकि 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में घरेलू परिस्थितियों का फायदा भारत को मिल सकता है। इसी मैदान पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो इस मैदान पर किसी भी टीम का सबसे बड़ा स्कोर माना जाता है। इतना ही नहीं, रनों के लिहाज से भी भारत की सबसे बड़ी जीत इंग्लैंड के खिलाफ इसी मैदान पर आई थी, जब टीम इंडिया ने 150 रन से शानदार जीत दर्ज की थी।
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं। साल 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि 2024 में भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को हराकर उस हार का हिसाब बराबर कर लिया था। अब 2026 का सेमीफाइनल एक तरह से निर्णायक मुकाबला माना जा रहा है, जहां दोनों टीमें एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए मैदान पर उतरेंगी।
भारत और इंग्लैंड दोनों ही टीमें टी20 क्रिकेट की मजबूत दावेदार मानी जाती हैं। दोनों ने दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। ऐसे में इस मुकाबले को दो चैंपियन टीमों की टक्कर भी कहा जा रहा है। भारतीय टीम जहां घरेलू मैदान और दर्शकों के समर्थन के साथ उतरेगी, वहीं इंग्लैंड की टीम भी शानदार फॉर्म में है और बड़े मैचों में दबाव झेलने का अनुभव रखती है।
मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी समय खेल का रुख बदल सकते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना पाती है या फिर इंग्लैंड भारतीय टीम का रास्ता रोकने में सफल होती है।



