उत्तर प्रदेश सरकार ने कानपुर में गंगा नदी पर नया पुल बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है, इस परियोजना का उद्देश्य ट्रांस गंगा सिटी को सीधे शहर से जोड़ना है, यह योजना वित्तीय वर्ष 2025–26 में अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत लागू की जाएगी, सरकार का मानना है कि इस पुल के बनने से औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और ट्रांसगंगा सिटी तक पहुंच पहले से आसान हो जाएगी।
गंगा नदी पर बनेगा हाई-लेवल सेतु
योजना के अनुसार Ganga River पर एक उच्च स्तरीय सेतु और उससे जुड़े पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा, इस पुल के बनने से ट्रांसगंगा सिटी और कानपुर शहर के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी, ट्रांसगंगा सिटी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) द्वारा विकसित किया जा रहा है, इस परियोजना का उद्देश्य कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद औद्योगिक इकाइयों को एक सुव्यवस्थित औद्योगिक क्षेत्र में स्थानांतरित करना है, जिससे उद्योगों को बेहतर सुविधाएं और बेहतर बुनियादी ढांचा मिल सके।
बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए लिया गया फैसला
ट्रांसगंगा सिटी के पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां भारी और हल्के वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ने की संभावना है, फिलहाल गंगा पार करने के लिए लोग मुख्य रूप से Ganga Barrage मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, विशेषज्ञों के अनुसार, भविष्य में ट्रैफिक बढ़ने से गंगा बैराज पर जाम की समस्या और बढ़ सकती है, इसी वजह से सरकार ने नया पुल बनाने का फैसला किया है, ताकि यातायात का दबाव कम हो और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
अब दो अलग-अलग पुल बनाए जाएंगे
शुरुआत में इस परियोजना के तहत चार लेन का एक पुल बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन ट्रैफिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए योजना में बदलाव किया गया है, अब एक चार लेन पुल की जगह दो-दो लेन के दो अलग-अलग पुल बनाए जाएंगे। इससे ट्रैफिक का दबाव अलग-अलग मार्गों पर बंट जाएगा और मर्जिंग प्वाइंट पर जाम की समस्या कम होगी।
753 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी परियोजना
इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत लगभग 753.13 करोड़ रुपये तय की गई है, इस प्रस्ताव को व्यय वित्त समिति ने मंजूरी दे दी है, परियोजना के लिए 46000 लाख रुपये (460 करोड़ रुपये) की धनराशि अटल इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत उपलब्ध कराई जाएगी, शेष राशि उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से खर्च करेगा, राज्य मंत्रिपरिषद ने भी इस वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे अब परियोजना के कार्यान्वयन का रास्ता साफ हो गया है।
क्षेत्र के विकास को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इस पुल के बनने से कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, ट्रांसगंगा सिटी में स्थापित होने वाली फैक्ट्रियों और उद्योगों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा, इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है, यह परियोजना कानपुर क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





