इंग्लैंड की मशहूर क्रिकेट लीग द हंड्रेड के आगामी सीजन के लिए 12 मार्च को हुई नीलामी के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नीलामी के दौरान काव्या मारन की टीम सनराइजर्स
लीड्स द्वारा पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदने के फैसले अलग ही विवाद छेड़ दिया है नीलामी के बाद से ही भारतीय फैंस के बीच इस फैसले को लेकर नाराज़गी देखने को मिली। कई यूज़र्स ने इसे राष्ट्रीय भावनाओं के खिलाफ बताते हुए सोशल मीडिया पर काव्या मारन और उनकी टीम को जमकर ट्रोल किया।
नीलामी के दौरान सनराइजर्स लीड्स ने अपनी टीम में अबरार अहमद को शामिल किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर विरोध तेज हो गया। फैंस के भारी विरोध के बीच खबर सामने आई कि फ्रेंचाइजी का आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि अकाउंट सस्पेंड किए जाने की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन इसे सोशल मीडिया पर हुए भारी विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
द हंड्रेड इंग्लैंड की एक लोकप्रिय क्रिकेट लीग है, जिसमें हर टीम को सिर्फ 100 गेंदों में अपनी पारी खेलनी होती है। इस अनोखे फॉर्मेट के कारण यह टूर्नामेंट दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के बीच काफी चर्चित है। इस बार की नीलामी में पाकिस्तान से 14 खिलाड़ियों के नाम शामिल थे, लेकिन उनमें से सिर्फ दो खिलाड़ियों को ही खरीदार मिला जिसमे स्पिनर अबरार अहमद और ऑलराउंडर उस्मान तारिक़ को ही ऑक्शन में खरीददार मिला।
सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को करीब 2.12 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। कई भारतीय फैंस का कहना है कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध सामान्य नहीं हैं, तो भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदना गलत संदेश देता है।


