उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रहने वाले हरीश राणा को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में शिफ्ट किया गया है। यहां डॉक्टरों की टीम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार पैसिव यूथेनेशिया (इच्छामृत्यु) की प्रक्रिया शुरू करेगी।
इसका मतलब है कि हरीश राणा को धीरे-धीरे जीवनरक्षक उपकरणों से हटाया जाएगा। डॉक्टरों का कहना है कि 13 साल से बिस्तर पर पड़े हरीश के ठीक होने की कोई संभावना नहीं है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने इच्छामृत्यु की अनुमति दी है ताकि उन्हें सम्मानजनक तरीके से जीवन के अंत की प्रक्रिया दी जा सके।
घर से विदाई का भावुक वीडियो
हरीश राणा को घर से अस्पताल ले जाते समय का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब 22 सेकेंड के इस वीडियो में हरीश बिस्तर पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। एक महिला उनके माथे पर चंदन का टीका लगाती है और उनके सिर पर हाथ फेरते हुए कहती है, “सबको माफ करते हुए और सबसे माफी मांगते हुए अब जाओ।” यह दृश्य देखकर लोगों की आंखें नम हो रही हैं।
Also Read- अस्पताल में भर्ती नजर आए जाकिर खान, वायरल वीडियो देखकर फैंस हुए चिंतित
वीडियो में हरीश के होंठ और आंखें हल्की-हल्की हरकत करते दिखाई देते हैं, जैसे वह अपने परिवार को आखिरी बार अलविदा कह रहे हों। हरीश को एंबुलेंस से AIIMS ले जाया गया, जहां उनके परिवार के लोग भी साथ गए।
2013 में हुआ था हादसा
दरअसल, 20 अगस्त 2013 को हरीश राणा चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में सिविल इंजीनियरिंग के अंतिम सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे थे। उसी दौरान वह पीजी की चौथी मंजिल से गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
इस हादसे के बाद से वह पूरी तरह बिस्तर पर हैं और केवल आंखें झपका सकते हैं। परिवार ने कई जगह इलाज कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। आखिरकार माता-पिता ने कोर्ट में इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इसकी अनुमति दे दी।





