उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक ऐसा इतिहास रचा गया है जिसने विरोधियों की नींद उड़ा दी है एक ऐसा रिकॉर्ड जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है और एक ऐसा संदेश जिसने साफ कर दिया है कि 2027 की लड़ाई किसके चेहरे पर लड़ी जाएगी!
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वो कर दिखाया है जो आज़ादी के बाद कोई मुख्यमंत्री नहीं कर पाया। 9 साल तक लगातार यूपी जैसे विशाल और राजनीतिक रूप से सबसे अहम राज्य की सत्ता संभालना यह सिर्फ एक कार्यकाल नहीं बल्कि एक राजनीतिक अध्याय बन चुका है। जिन लोगों ने कहा था कि योगी ज्यादा दिन सीएम नहीं रहेंगे
जिन्होंने कहा था कि उनकी लोकप्रियता घट रही है और जिन्होंने उन्हें सिर्फ एक जाति का नेता बताने की कोशिश की आज लोकभवन के मंच से उन्हें एक करारा जवाब मिल गया। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है – क्या यह सिर्फ 9 साल का जश्न था? या 2027 की चुनावी रणनीति का ट्रेलर? क्या बीजेपी ने साफ कर दिया कि 27 का चेहरा कौन होगा? और क्या RSS की दखल से बीजेपी के अंदर की खींचतान खत्म कर दी गई है? इन्हीं सभी सवालों का जवाब देती है यह पूरी राजनीतिक कहानी उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2026 का यह समय सिर्फ एक साल का पड़ाव नहीं बल्कि एक राजनीतिक संदेश भी बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 9 साल का कार्यकाल पूरा होना बीजेपी के लिए सिर्फ उपलब्धि नहीं बल्कि 2027 की चुनावी रणनीति का सार्वजनिक प्रदर्शन भी माना जा रहा है।लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में जिस प्रकार से पूरी बीजेपी और सहयोगी दल एक मंच पर दिखाई दिए, उसने उन सभी अटकलों को विराम देने का काम किया जिनमें कहा जा रहा था कि पार्टी के अंदर मतभेद हैं।
ALSO READ:संजय निषाद गोरखपुर में भरेंगे हुंकार ! बीजेपी ! यूपी में अपने ही बढ़ाएंगे बीजेपी की मुश्किल!
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में 2017 से पहले और वर्तमान उत्तर प्रदेश की तुलना करते हुए कानून व्यवस्था, विकास और निवेश को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए जाना जाता था लेकिन आज प्रदेश निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है। योगी ने यह भी कहा कि अब प्रदेश में “ना दंगा है ना कर्फ्यू है” और यह सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी राजनीतिक तस्वीर यह रही कि जिन नेताओं के बारे में अक्सर मतभेद की चर्चा होती थी – जैसे केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और पंकज चौधरी – सभी ने खुलकर योगी की तारीफ की।
पंकज चौधरी ने कहा कि योगी जैसा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ने पहले नहीं देखा और उनके नेतृत्व में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग आज सवाल उठा रहे हैं उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि उनकी सरकार क्यों गई थी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने योगी के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वहीं बृजेश पाठक ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि अब बेटियां देर रात भी सुरक्षित महसूस करती हैं जो 17 के पहले संभव नहीं था।यानिकि आज मंच पर योगी की तारीफ हर कोई करता नजर आ रहा था

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह एकजुटता अचानक नहीं आई है। इसके पीछे RSS की समन्वय बैठकों की बड़ी भूमिका मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार RSS ने साफ संदेश दिया था कि अगर पार्टी के अंदर मतभेद जारी रहे तो 2027 का चुनाव कठिन हो सकता है। इसके बाद आगरा में हुई बैठकों में संगठन और सरकार के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया गया। यही कारण है कि अब यह संदेश दिया जा रहा है कि 2027 का चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में हिंदू एकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय समाज को जातियों में बांटने की कोशिश होती है और इससे सावधान रहने की जरूरत है। यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में दलित और पिछड़े वोट बैंक को लेकर राजनीतिक दल सक्रिय हैं। अखिलेश यादव, चंद्रशेखर आजाद और अन्य नेता सामाजिक समीकरण साधने में लगे हैं। ऐसे में बीजेपी की रणनीति हिंदुत्व और विकास के संयुक्त नैरेटिव पर आधारित दिखाई देती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से भी योगी के काम की तारीफ को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज माफिया मुक्त प्रदेश बन रहा है और रक्षा उत्पादन में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल उत्पादन का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रदेश की रणनीतिक अहमियत पर भी जोर दिया।

इस पूरे कार्यक्रम को अगर राजनीतिक नजरिए से देखा जाए तो यह सिर्फ उपलब्धियों का जश्न नहीं बल्कि 2027 के चुनाव का ट्रेलर भी माना जा सकता है। बीजेपी यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है। दूसरी तरफ विपक्ष जातीय समीकरणों के जरिए बीजेपी को चुनौती देने की तैयारी में है। अब असली सवाल यह है कि क्या बीजेपी अपनी इस एकजुटता को 2027 तक बनाए रख पाएगी? क्या योगी का विकास और कानून व्यवस्था का मॉडल जातीय राजनीति पर भारी पड़ेगा? और क्या विपक्ष कोई नया सामाजिक गठजोड़ बनाकर बीजेपी को चुनौती दे पाएगा? इन सभी सवालों का जवाब आने वाले समय में मिलेगा, लेकिन फिलहाल इतना तय है कि योगी आदित्यनाथ का 9 साल का कार्यकाल उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय बन चुका है।और शायद इसी वजह से यह कहा जा रहा है कि यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं बल्कि 2027 की सत्ता की नींव भी है।






