ललितपुर जनपद में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। शुक्रवार को आई तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से गेहूं सहित अन्य फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि किसानों के अरमान टूट गए और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे।
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलों की मार से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई, जबकि कटी हुई फसल पानी में भीगकर खराब होने की कगार पर पहुंच गई। सदर, पाली और तालबेहट तहसील क्षेत्रों में सबसे अधिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
बार-पुलवारा क्षेत्र में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और मटर की फसलें लगभग पूरी तरह बर्बाद हो गईं। कई गांवों में खेतों में पानी भर गया, जिससे फसलें चौपट हो गईं। वहीं शहर क्षेत्र में भी शाम के समय तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहा, जो बारिश के बाद और नीचे आ गया। फसल बर्बादी से परेशान किसान ओलों को बोरे में भरकर और खराब फसल के नमूने लेकर जिलाधिकारी आवास पहुंचे। यहां किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नुकसान का सर्वे कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की। किसानों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो उनके सामने आर्थिक संकट गहरा सकता है।






