उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महादेवा में मंगलवार को OBC पार्टी और वन भारत सिटीजन पार्टी के प्रदेश के पहले “जनता कार्यालय” का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक बाधाओं के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा और पूरे क्षेत्र में विजय शंखनाद गूंज उठा।
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा अनुमति निरस्त किए जाने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष काली शंकर यदुवंशी ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि “पर्याप्त सुरक्षा बल न होने” का हवाला देकर कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की गई, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
सभा को संबोधित करते हुए यदुवंशी ने कहा कि यह केवल एक कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम था, न कि कोई बड़ी जनसभा। इसके बावजूद प्रशासनिक दबाव बनाकर इसे रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी पहले ही भयभीत हैं।
ALSO READ:फर्जी IAS बनकर कई शादियां करने वाला आरोपी प्रीतम निषाद गिरफ्तार
उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि चौरी चौरा की जनता इस अपमान का जवाब वर्ष 2027 के चुनाव में “वोट की चोट” से देगी।
प्रशासनिक खींचतान के बीच भी कार्यक्रम की भव्यता में कोई कमी नहीं आई। उद्घाटन विश्व प्रसिद्ध शंख वादक रामजन्म योगी के विजय शंखनाद के साथ किया गया, जिसने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।
इस दौरान प्रसिद्ध बिरहा गायक और नेता ओमप्रकाश दिवाना ने अपने गायन से लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अपने संबोधन में काली शंकर यदुवंशी ने कहा कि यह “जनता कार्यालय” क्षेत्र की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनकी आवाज को बुलंद करेंगे।






