दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज आज शनिवार से होने जा रहा है। करीब दो महीने तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 10 टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी और फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा।
बेंगलुरु की टीम कप्तान रजत पाटीदार के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी। पिछले सीजन में टीम ने पहली बार खिताब जीतकर 18 साल का इंतजार खत्म किया था, ऐसे में अब उसके सामने अपने खिताब को बरकरार रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी इस मैच में कार्यवाहक कप्तान ईशान किशन करेंगे। नियमित कप्तान पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण टीम को यह बदलाव करना पड़ा है और ऐसे में टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है।
आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली पर इस सीजन में भी खास नजरें रहेंगी। पिछले साल उन्होंने टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमें चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस भी इस बार खिताब जीतने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी। दोनों टीमों के पास अनुभव और मजबूत खिलाड़ी हैं, जो उन्हें खिताब का प्रबल दावेदार बनाते हैं।
आईपीएल का यह सीजन एक बार फिर रोमांच, प्रतिस्पर्धा और बड़े मुकाबलों से भरपूर रहने वाला है। सभी टीमों की नजरें ट्रॉफी पर होंगी।






