भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव Vinod Tawde ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath से मुलाकात की। इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश बीजेपी की नई टीम, निगम और आयोगों में खाली पदों पर नियुक्ति, और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, विनोद तावड़े ने इस दौरे के दौरान कई बड़े नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने वित्त मंत्री Suresh Khanna और राज्यसभा सांसद Dinesh Sharma से भी बातचीत की। इन सभी से राय लेने के बाद तावड़े अपनी रिपोर्ट लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां वे इसे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे।
मंत्रियों के कामकाज पर लिया गया फीडबैक
जानकारी के मुताबिक, तावड़े ने संगठन और सरकार से जुड़े अलग-अलग नेताओं के साथ बैठक कर उनका फीडबैक लिया। इस आधार पर उन्होंने अपनी रिपोर्ट तैयार की है। कहा जा रहा है कि कुछ मंत्रियों के कामकाज से पार्टी संगठन संतुष्ट नहीं है। ऐसे में जिनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, उन्हें सरकार से हटाकर संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है।इसके अलावा, कुछ नेताओं को केंद्रीय संगठन या प्रदेश संगठन में नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, जो लोग पहले से विधायक या एमएलसी बन चुके हैं, उन्हें संगठन के काम से मुक्त किया जा सकता है।
Also Read- योगी सरकार का बड़ा कदम, स्कूल बनेंगे नारी शक्ति का निर्माण केंद्र
नए चेहरों को मौका देने की तैयारी
बीजेपी प्रदेश संगठन अब पुराने चेहरों की जगह नए लोगों को मौका देने की योजना बना रहा है। खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जातीय समीकरण के आधार पर बदलाव किए जा सकते हैं।
सूत्रों का कहना है कि आयोग और निगमों में पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं को जगह दी जा सकती है, जबकि संगठन और सरकार में नए और युवा चेहरों को आगे लाया जाएगा। इसमें दलित और ओबीसी वर्ग के नेताओं को भी प्राथमिकता मिलने की संभावना है।
जल्द हो सकते हैं बड़े बदलाव
विनोद तावड़े द्वारा तैयार की गई यह रिपोर्ट काफी अहम मानी जा रही है। जल्द ही दिल्ली में इस पर बैठक हो सकती है, जिसके बाद संगठन और सरकार में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश बीजेपी में आने वाले समय में कई नए चेहरे सामने आ सकते हैं और पार्टी 2027 के चुनावों की तैयारी में जुट गई है।






