लखनऊ। सदन के पटल पर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पास न हो पाने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर जुबानी जंग छिड़ गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष पर कड़ा निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि आज भारत के महान लोकतंत्र के इतिहास में एक “काला अध्याय” जुड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से जुड़े आवश्यक संविधान संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने दिया, जो “भारत माता के सम्मान पर आघात” है।
उन्होंने इसे देश की मातृशक्ति के साथ धोखा बताते हुए कहा कि यह महिलाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडी गठबंधन’ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस घटनाक्रम से उनकी “नारी विरोधी मानसिकता” उजागर हुई है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश की नारी शक्ति सब देख और समझ रही है और समय आने पर इस “छल और अन्याय” का जवाब देगी। उन्होंने भरोसा जताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार मातृशक्ति के सम्मान, गरिमा और अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी। इस पूरे मुद्दे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीति और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।






