Home Crime गोरखपुर: क्लब मालिक के बेटे ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या,...

गोरखपुर: क्लब मालिक के बेटे ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, शहर में सनसनी

25
0

गोरखपुर। शहर के प्रतिष्ठित परिवार से जुड़े एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गोरखपुर क्लब के मालिक अतुल श्रीवास्तव के पुत्र अम्बरीष श्रीवास्तव ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अम्बरीष श्रीवास्तव ने कुसमी क्षेत्र में स्थित शामियाना एंड कैटर्स के गोडाउन में अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारी। घटना के समय गोडाउन में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जहां अम्बरीष को गंभीर अवस्था में पाया गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अम्बरीष का निवास सिविल लाइंस क्षेत्र में है, जो शहर का अत्यंत संवेदनशील और चर्चित इलाका माना जाता है। यहां जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सरकारी आवास भी स्थित हैं। ऐसे प्रतिष्ठित परिवार से जुड़े युवक द्वारा उठाए गए इस कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके। वहीं, फॉरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। इस घटना के बाद शहर में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग और जानने वाले इस खबर से बेहद दुखी हैं और हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर अम्बरीष ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here