रामपुर के थाना गंज क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में शादी समारोह उस समय जंग का अखाड़ा बन गया, जब मामूली बात ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया दरअसल, शादी में दावत का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बारातियों ने रोटी और सालन देर से मिलने पर नाराजगी जताई। देखते ही देखते यह नाराजगी बढ़कर विवाद में बदल गई और माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। इतना ही नहीं, सालन के डोंगे भी एक-दूसरे पर दे मारे गए। इस दौरान कई कुर्सियां टूट गईं और कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति काबू में आई गौरतलब है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी रामपुर के कई निजी होटलों में शादी समारोह के दौरान इस तरह के हंगामे सामने आ चुके हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन और होटल संचालक ऐसे मामलों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं, ताकि शादी जैसे खुशियों भरे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें






