जौनपुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बारात लेकर जा रहे दूल्हे की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी राम लखन बिंद के 21 वर्षीय पुत्र आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के जमदहा अंतर्गत बीबीपुर गांव निवासी गोरखनाथ बिंद की पुत्री सोनी के साथ तय थी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बारात धूमधाम से खेतासराय के लिए रवाना हुई थी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही बारात शाहगंज-जौनपुर नेशनल हाईवे पर खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही के पास पहुंची, पहले से घात लगाए अपाची बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में दूल्हे आजाद बिंद को पेट और चेहरे में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और बाराती घायल दूल्हे को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही खेतासराय, खुटहन और शाहगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
उधर, बीबीपुर गांव में जहां बारात पहुंचनी थी, वहां खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। डीजे की धुन थम गई और दुल्हन के सपने अधूरे रह गए। पूरे गांव में शोक की लहर है।






