राजधानी लखनऊ में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) ने आईएससी एवं आईसीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया। गोमती नगर एक्सटेंशन स्थित स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मेधावी छात्रों को कुल 28 लाख रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
समारोह में 99 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 62 छात्रों को सम्मानित किया गया। इनमें 19 छात्रों को एक-एक लाख रुपये और 43 छात्रों को 21-21 हजार रुपये की धनराशि दी गई। इसके अलावा, 90 प्रतिशत से 99.80 प्रतिशत तक अंक हासिल करने वाले 3709 छात्रों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मेधावी छात्रों की माताओं को फल-फूल से तौलकर सम्मानित किया गया, जबकि पिताओं और शिक्षकों को शॉल भेंट कर सम्मान दिया गया।
समारोह का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव (इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं औद्योगिक विकास) आलोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीएमएस के छात्रों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से लखनऊ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने इस सफलता के लिए शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है और ये बच्चे भविष्य में समाज निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने विद्यालय की आधुनिक और क्षमता-आधारित शिक्षा प्रणाली को इस सफलता का आधार बताया।
स्कूल प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष कुल 7030 छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 3709 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 1441 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। साथ ही 1013 छात्रों ने एक या अधिक विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नया रिकॉर्ड बनाया।






