Home Accident गोण्डा में भीषण सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से पति-पत्नी और मासूम...

गोण्डा में भीषण सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से पति-पत्नी और मासूम बेटे की मौत

5
0

उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिसमें पति-पत्नी और उनके मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर माझा निवासी मान सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और बेटे युवराज लवकुश के साथ बाइक से बहराइच जिले के ग्यारह सौ रेती स्थित ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव के पास, अयोध्या-गोंडा मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और टैंकर की चपेट में आ गए।

हादसे में उर्मिला और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मान सिंह को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। थाना अध्यक्ष अभय सिंह के मुताबिक, टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here