बहराइच में पूर्व बीजेपी राज्य मंत्री मयंकर सिंह के घर हुई लाखों की चोरी का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। घटना को करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। कार्रवाई से नाराज़ पूर्व मंत्री ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पूरा मामला बहराइच के देहात कोतवाली क्षेत्र का है। 21 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों ने पूर्व मंत्री मयंकर सिंह के घर को निशाना बनाया। देर रात घर में घुसकर चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो आरोपियों तक पहुंच पाई है और न ही चोरी गया सामान बरामद कर सकी है।
पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज़ पूर्व मंत्री मयंकर सिंह खुद एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले में जल्द खुलासे की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। अब देखना होगा कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में कब तक खुलासा कर पाती है, या फिर मामला यूं ही लंबित रहता है।






