उत्तर प्रदेश के रामपुर से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, खुशियों का माहौल था, लेकिन एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी सवार पिता और उनकी दो बेटियों को ऐसी टक्कर मारी कि तीनों की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आखिर कैसे हुआ ये हादसा, देखिए हमारी ये खास रिपोर्ट।ये तस्वीरें रामपुर के थाना भोट क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे की हैं… जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं… लेकिन किसी को क्या पता था कि दुल्हन बनने से पहले ही बेटी की अर्थी उठ जाएगी।

बताया जा रहा है कि एक पिता अपनी दो बेटियों के साथ स्कूटी से बिलासपुर शॉपिंग करने गए थे।शॉपिंग के बाद तीनों वापस अपने घर लौट रहे थे. तभी रास्ते में रॉन्ग साइड मुड़ते समय तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी टक्कर इतनी भयानक थी कि स्कूटी सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे… जबकि स्कूटी बस के अगले पहिए में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टरों ने पिता और छोटी बेटी को मृत घोषित कर दिया… जबकि बड़ी बेटी की हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि बड़ी बेटी की 18 तारीख को शादी होने वाली थी।घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं… पर हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।परिजन सदमे में हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है।वहीं हादसे के बाद रोडवेज बस चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।एक छोटी सी लापरवाही किस तरह जिंदगीभर का दर्द बन सकती है… रामपुर का ये हादसा इसकी दर्दनाक मिसाल है।
जरूरत है सड़क पर सावधानी बरतने की… क्योंकि एक गलती कई जिंदगियां छीन सकती है।






