फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद गांव में भारी हंगामा हो गया। हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर जटपुरा में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास पुलिया के नीचे 22 वर्षीय युवक बृजेश उर्फ गट्टू का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक बृजेश उर्फ गट्टू, बालकराम का पुत्र बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करने लगी। इसी दौरान परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे।
परिजनों का आरोप है कि बृजेश की हत्या की गई है। मृतक के भाई कल्याण के मुताबिक, शुक्रवार रात बृजेश शराब ठेके पर गया था, जहां उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद उसकी हत्या कर शव पुलिया के नीचे फेंक दिया गया।
शव उठाने को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में दो दरोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि मौके पर खड़ी कई पुलिस गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को काबू में करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और सीओ को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
घायल पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं ग्रामीणों ने शराब ठेके के खिलाफ भी प्रदर्शन करते हुए उसे बंद कराने की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
युवक की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।






