Home Accident हैदराबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, तेलुगू अभिनेता और यूट्यूबर भरत कांत की...

हैदराबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, तेलुगू अभिनेता और यूट्यूबर भरत कांत की मौत

45
0

हैदराबाद से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तेलुगू फिल्मों के उभरते अभिनेता, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भरत कांत की एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथ मौजूद कैमरामैन त्रिलोक ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह दुर्घटना रविवार तड़के हैदराबाद के आउटर रिंग रोड (ORR) पर बोंगुलुरु इलाके में हुई, जहां उनकी तेज रफ्तार कार एक ट्रक से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार, हादसा ORR के एग्जिट नंबर-12 के पास सुबह करीब 3:20 बजे हुआ। भरत कांत और उनके साथी त्रिलोक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले से हैदराबाद लौट रहे थे। दोनों शनिवार रात यात्रा शुरू कर नानकरामगुडा स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पेद्दाम्बरपेट से ORR पर एंट्री लेने के बाद उनकी कार शमशाबाद की दिशा में बढ़ रही थी, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Also Read- हैदराबाद रिसेप्शन में आमने-सामने आए नागा चैतन्य और सामंथा, एक्स कपल की मौजूदगी ने बढ़ाई हलचल

प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल से सामने आए वीडियो व तस्वीरों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान कार आगे चल रहे एक ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

आदिबाटला पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और जांच कार्य शुरू किया। पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल फोन की मदद से मृतकों की पहचान की। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेज दिया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिए जाएंगे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग करना हो सकता है। अधिकारियों का यह भी मानना है कि देर रात लंबी यात्रा और ड्राइवर की थकान भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

भरत कांत तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से अपनी पहचान बना रहे थे। वह अभिनेता होने के साथ-साथ डांसर, यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी थे। करीब 10 साल पहले वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए हैदराबाद आए थे। उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ डिजिटल कंटेंट की दुनिया में भी अच्छी पहचान बनाई थी। इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 40 हजार फॉलोअर्स थे, जबकि उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 30 हजार सब्सक्राइबर जुड़े हुए थे।

भरत कांत ने कई तेलुगू फिल्मों और शॉर्ट फिल्मों में काम किया था। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘टेनेंट’ और ‘ग्रामम’ शामिल हैं। उन्होंने लीड रोल के अलावा कई सपोर्टिंग किरदारों में भी अपनी छाप छोड़ी थी। सोशल मीडिया पर भी उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही थी और युवा दर्शकों के बीच उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी।

भरत कांत और त्रिलोक की अचानक मौत की खबर से टॉलीवुड इंडस्ट्री और सोशल मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और फिल्मी हस्तियां सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं। कई लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार ड्राइविंग को लेकर भी चिंता जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here