हरदोई जिले के लोनार थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। ईंट भट्ठे पर बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाई-बहन की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक थाना लोनार क्षेत्र के ग्राम चिमना स्थित आशीष ईंट भट्ठे पर लखीमपुर निवासी इरशाद खान अपने परिवार के साथ रहकर ईंट पथाई का काम करता है। बीते दिनों हुई बारिश के चलते भट्ठे परिसर में बने कई गड्ढों में पानी भर गया था।
बताया जा रहा है कि खेलते समय इरशाद खान का 7 वर्षीय पुत्र अफसर और 9 वर्षीय पुत्री रुखसार पानी से भरे गड्ढे में गिर गए, जिससे दोनों की डूबकर मौत हो गई। काफी देर तक बच्चों के नजर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद दोनों के शव पानी में मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। इस मामले में सीओ हरपालपुर सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






