Home Crime शादी से इन्कार पर पानी की टंकी पर चढ़ी किशोरी, घंटों चला...

शादी से इन्कार पर पानी की टंकी पर चढ़ी किशोरी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

20
0

पीलीभीत जनपद के माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी अपने प्रेमी द्वारा शादी से इन्कार किए जाने से नाराज होकर गांव की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। किशोरी को टंकी पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी किशोरी का क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि किशोरी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी, लेकिन युवक ने शादी से इन्कार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर किशोरी गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई और नीचे उतरने से मना कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी ने किशोरी को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए।

सूचना पर माधोटांडा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई तो पुलिस ने युवक को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद युवक खुद पानी की टंकी पर चढ़ा और किशोरी से बातचीत की। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के बाद किशोरी नीचे उतरने को तैयार हो गई।

पुलिस ने किशोरी को सकुशल नीचे उतार लिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद पुलिस युवक और किशोरी को अपने साथ माधोटांडा थाने ले गई, जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here