जनपद पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी अपने प्रेमी द्वारा शादी से इन्कार किए जाने पर गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई। किशोरी के टंकी पर चढ़ते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब कई घंटों तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाइश देकर किशोरी को सकुशल नीचे उतारा।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी किशोरी का क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी, लेकिन युवक द्वारा शादी से इन्कार किए जाने पर वह नाराज होकर गांव की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किशोरी को नीचे उतरने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही।
सूचना मिलने पर माधोटांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाने के बावजूद जब किशोरी नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई तो पुलिस ने युवक को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद युवक खुद पानी की टंकी पर चढ़ा और किशोरी से बातचीत की। काफी मान-मनौव्वल के बाद किशोरी नीचे उतरने को तैयार हुई।
घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही और लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते नजर आए। काफी देर तक गांव में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मामले के बाद पुलिस युवक और किशोरी को अपने साथ माधोटांडा थाने ले गई, जहां दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






